उत्तर प्रदेश के गोंडा में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार परिवारों का दिया गुल कर दिया। घटना से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र में गोंडा-लखनऊ हाईवे पर पहले दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई थी। हादसे के बाद जब स्थानीय लोग घायलों को बचाने में जुटे थे, तभी एक तेज रफ्तार एसयूवी ने मौके पर मौजूद लोगों और बाइक सवारों को रौंद दिया। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घायलों का इलाज चल रहा है। मौके पर विधायक अजय सिंह, डीएम प्रियंका निरंजन और पुलिस अधिकारी पहुंचे।
चारों की घटनास्थल पर मौत
करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के संतोष ढाबा के पास बुधवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग घायलों की मदद के लिए सड़क पर पहुंचे। इसी दौरान गोंडा से लखनऊ की ओर जा रही तेज रफ्तार एक्सयूवी अनियंत्रित होकर लोगों के बीच घुस गई और कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में गुलशन, हसन मोहम्मद, इम्तियाज अली और संजय कुमार तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं विनय प्रताप सिंह, सनी सिंह, परवेज और अंशुमान समेत कई लोग घायल हो गए। गंभीर घायलों को गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
विधायक ने जताया दुख
अस्पताल में मौजूद क्षेत्रीय विधायक अजय सिंह ने घटना को लेकर दुख प्रकट करते हुए कहा कि दुखद घटना के समय मैं अपने घर पर था, तभी जानकारी मिली कि सरयू पुल के पास बड़ी दुर्घटना हो गई है। जिसमें क्षेत्र के चार युवकों की मौत हुई है। घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों को बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों को निर्देशित किया गया है।
बोले चिकित्सक
अधीक्षक डॉक्टर अनुज कुमार ने बताया सड़क दुर्घटना में कुल नौ लोगों को अस्पताल लाया गया था। जिसमें चार लोगों की मृत्यु हो चुकी थी। दो गंभीर घायलों को रेफर किया गया, जबकि तीन लोगों का इलाज करने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया है।
बोले एएसपी
करनैलगंज क्षेत्र में हुई दुर्घटना के बाबत अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय ने बताया कि दुर्घटना में संलिप्त वाहन सहित चालक को हिरासत में ले लिया गया है, पूछताछ करते हुए वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई जारी है। गंभीर घायलों को रेफर कर दिया गया है।

