कमलेश
धौरहरा-खीरी। धौरहरा तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत जंगल मटेरा के मजरा लक्ष्मनपुरवा में बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब घाघरा नदी में नहाने गया एक युवक अचानक गहरे पानी में डूबकर लापता हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस व तहसील प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया गया।
जानकारी के अनुसार लक्ष्मनपुरवा निवासी पृथ्वीपाल (30 वर्ष) पुत्र छोटकन बुधवार शाम घाघरा नदी में नहा रहा था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और तेज धारा में बहकर डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। देखते ही देखते युवक नदी में लापता हो गया।
घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट स्थानीय गोताखोरों के जरिये तत्काल नदी में युवक की तलाश शुरू कर दी। समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं लग सका था और खोजबीन का कार्य जारी था। वही सूचना पाकर एसडीएम शशिकांत मणि, तहसीलदार आदित्य विशाल तथा प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे। जिन्होंने गोताखोरों को तलाश अभियान तेज करने के निर्देश दिए। इस बाबत एसडीएम शशिकांत मणि ने बताया कि गोताखोरों की टीम लगातार युवक की तलाश में जुटी हुई है, लेकिन अभी तक उसका पता नहीं चल सका है,प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

