पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
उत्तर प्रदेश के गोंडा में युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, शव का पोस्टमार्टम न करवाने की बात को लेकर चिकित्सकों और परिजनों में तीखी नोक झोंक हो गई, मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी रवाना कर दिया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक गुरुवार के सुबह लगभग 10:30 बजे नवाबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत नगवा गांव के हल्ल्कपुरवा गांव के रहने वाले राजू की 19 वर्षीय पुत्री रीना की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। चिकित्सकों की घोषणा के बाद परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव को अपने साथ लेकर जाने लगे, जिससे परिजनों और चिकित्सकों के बीच तीखी नोक झोंक शुरू हो गई, हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचायत नामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
![]() |
| मृतका का पिता |
दीवार से गिरने से हुई मौत
मृतका के पिता राजू पुत्र श्यामलाल का दावा है कि वह खेत में पत्नी के साथ सब्जी की सिंचाई कर रहा था, उसकी पुत्री चूल्हे पर खाना बना करके उसके भाई के निर्माणाधीन मकान के साढ़े तीन फुट ऊंचे नींव पर बैठी हुई थी। गर्मी लगने के कारण अचानक से वह गिर पड़ी। तुरंत उसको नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सरकारी अस्पताल भेज दिया। यहां पहुंचने पर उसको मृत घोषित कर दिया गया। इस दौरान पिता ने यह भी कहा कि उसकी पुत्री को दिल का दौरा पड़ने जैसी बीमारी थी, पूर्व में भी वह कई बार गिर कर बेहोश हो चुकी है।
भाई बहनों में सबसे बड़ी थी रीना
बताया जाता है कि राजू के चार बच्चों में तीन पुत्री और सबसे छोटा पुत्र है, जिसमें रीना उसकी सबसे बड़ी बेटी थी। बेटी की मौत से परिजन सदमे में है।
जांच में जुटी पुलिस
मृतका के पिता के दावे चिकित्सकों के गले नहीं उतरे, उसके भीगे कपड़े और पैरों में चोट के निशान को देखते हुए उन्होंने संदिग्धता जाहिर करते हुए पुलिस को मेमो भेज दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला मुख्यालय रवाना कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के उपरांत मौत के वास्तविक कारणों खुलासा हो जाएगा। हालांकि पूरे मामले में पुलिस बारीकी से नजर बनाए हुए हैं।


