पं श्याम त्रिपाठी/ बनारसी मौर्या
नवाबगंज गोंडा। क्षेत्र के मैनपुर गांव स्थित काली मंदिर पर आयोजित श्रीमद्भागवत ज्ञान कथा यज्ञ सप्ताह के तीसरे दिन कथावाचक धरमदास महाराज ने भगवान शिव के महात्म्य का वर्णन करते हुए कहा कि अन्य सभी देवता देव हैं, लेकिन भगवान शिव महादेव हैं। उनकी कथा का श्रवण मात्र ही मानव के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने कहा कि भोलेनाथ सदैव लोककल्याण की भावना से अपने भक्तों पर कृपा बरसाते हैं और सच्चे मन से उनकी आराधना करने वालों के सभी कष्ट दूर होते हैं।
कथा प्रारंभ होने से पूर्व यजमान विजय पांडेय एवं कौशलेन्द्र पांडेय ने अपनी धर्मपत्नी के साथ विधि-विधान से व्यासपीठ का पूजन-अर्चन कर कथा का शुभारंभ कराया। कथा के दौरान श्रद्धालु भगवान शिव की महिमा सुनकर भावविभोर हो गए तथा पूरे परिसर में भक्ति का वातावरण बना रहा। अंत में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के जयकारों के साथ कथा का रसपान किया।


