एकलब्य पाठक
ईसानगर (लखीमपुर खीरी)। ईसानगर क्षेत्र के कटौली गांव में शनिवार को सुबह अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग में चार दुकानें जलकर राख हो गईं। आग की चपेट में आने से दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया जाता है कि आग सबसे पहले दुकानों के एक हिस्से में लगी और देखते ही देखते उसने विकराल रूप धारण कर लिया।
आग की लपटों ने आसपास स्थित चार दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
आग से नमो शुक्ला पुत्र हरेराम शुक्ला की दुकान में रखे दो लैपटॉप, दो प्रिंटर, चार बड़े मोबाइल फोन, चार छोटे मोबाइल फोन, दो लकड़ी के खोखे, 170 एम्पीयर की सोलर प्लेट बैटरी, कुर्सी, इनवर्टर तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर नष्ट हो गया। वहीं रामनरेश पुत्र राममिलन निवासी सधुवापुर की मोबाइल शॉप में रखा लोहे का डाला, लैपटॉप, प्रिंटर,बैटरियां, सोलर प्लेट, छह एंड्रॉइड मोबाइल, 20 कीपैड मोबाइल, तार, बल्ब, साउंड सिस्टम सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान आग की भेंट चढ़ गया। यही नही आग ने इसके अलावा जीवनलाल पुत्र राजकुमार निवासी गौरा जबरा की मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान में रखी बैटरी, सोलर प्लेट, इनवर्टर, सात एंड्रॉइड मोबाइल, कई छोटे मोबाइल, बल्ब, एसएमडी मशीन, 15 पंखे, पानी की मोटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जल गए साथ ही शरीफ पुत्र रमजान निवासी गौरा जबरा की (हेयर कटिंग) की दुकान भी पूरी तरह जल गई। आग से दुकान में रखी चार कुर्सियां, मशीनें, बैटरी और सोलर प्लेट नष्ट हो गईं।
पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन नुकसान का आकलन कराने में जुटा हुआ है।



