पं श्याम त्रिपाठी/ बनारसी मौर्या
नवाबगंज, गोण्डा। नवाबगंज थाना क्षेत्र के कटरा भोगचंद-कोल्हमपुर मार्ग पर शुक्रवार को एक चलती कार अचानक आग का गोला बन गई। चालक की सूझबूझ से कार में सवार सभी सात लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि कार पूरी तरह जलकर राख हो गई।
जानकारी के अनुसार वाहन संख्या UP14EH3731 (रेनॉल्ट ट्राइबर) के चालक शाहिद अली पुत्र सबूर अली, निवासी अर्जुनपुर महवरिया, थाना इटियाथोक, अपने परिवार को अयोध्या रेलवे स्टेशन से लेकर घर लौट रहे थे। कटरा नवाबगंज होते हुए किशनदासपुर की ओर जाते समय जंग बहादुर लाल इंटर कॉलेज, रीवा के पास कार के इंजन से धुआं और तेज बदबू आने लगी।
चालक ने तत्काल वाहन रोककर सभी सात सवारियों को सुरक्षित बाहर निकाल दिया। कुछ ही क्षणों बाद कार में भीषण आग लग गई और देखते ही देखते वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही कोल्हमपुर चौकी प्रभारी उमेश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सुरक्षा की दृष्टि से सड़क के दोनों ओर यातायात रोक दिया गया। करीब आधे घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को भी दी गई।
चौकी प्रभारी उमेश सिंह ने बताया कि चालक की सतर्कता के कारण सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।घटना सूचना पर थानाध्यक्ष अभय सिंह भी हमराहियो साथ पहुंचे तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया

