पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
नवाबगंज (गोंडा)। क्षेत्र के टिकरी-माधवापुर गांव की सीमा पर स्थित देवी मां के मंदिर में रविवार को गांव की सुख-शांति, समृद्धि एवं कल्याण की कामना को लेकर सामूहिक हवन-पूजन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं एवं महिलाओं ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता की।
हवन-पूजन का आयोजन समाजसेवी अंकित सिंह एवं विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में कराया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने हवन में आहुतियां देकर गांव के मंगल, खुशहाली और समृद्धि की प्रार्थना की।
समाजसेवी अंकित सिंह ने बताया कि गांव के सर्वांगीण विकास, आपसी भाईचारे तथा जनकल्याण की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से यह सामूहिक धार्मिक आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
कार्यक्रम में अंशू सिंह, आदित्य सिंह, चंदन सिंह, भानु प्रताप सिंह, शिवम सिंह, गौरव सिंह, ओमप्रकाश सिंह सहित क्षेत्र के तमाम ग्रामीण उपस्थित रहे। हवन-पूजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने मां देवी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

