पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
नवाबगंज, गोंडा। स्थानीय पड़ाव मोहल्ला स्थित देव हॉस्पिटल में डॉक्टरों की टीम ने एक जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देकर महिला को नई जिंदगी दी है। चिकित्सकों ने ऑपरेशन के दौरान महिला की बच्चेदानी से करीब तीन किलोग्राम वजन की गांठ निकालने में सफलता प्राप्त की।
जानकारी के अनुसार अमेठी निवासी महिमा कौशल्या पिछले करीब डेढ़ वर्ष से पेट में भारीपन, लगातार दर्द तथा अत्यधिक रक्तस्राव की समस्या से परेशान थीं। परिजनों ने बताया कि उपचार के लिए वह लखनऊ और गोरखपुर के कई बड़े अस्पतालों में गईं, लेकिन कहीं भी उन्हें संतोषजनक राहत नहीं मिल सकी।
![]() |
| आपरेशन के बाद गांठ दिखाते सर्जन |
अंततः उन्हें इलाज के लिए नवाबगंज स्थित देव मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के वरिष्ठ सर्जन डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि अत्यधिक ब्लीडिंग के कारण मरीज का हीमोग्लोबिन स्तर काफी कम हो गया था। ऑपरेशन से पूर्व उन्हें दो यूनिट रक्त चढ़ाया गया, जिसके बाद सर्जरी की गई।
डॉ. प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने सफल ऑपरेशन कर बच्चेदानी से लगभग तीन किलोग्राम वजन की गांठ निकाल दी। सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति सामान्य है और वह पूरी तरह स्वस्थ होकर रिकवरी कर रही है।
मरीज एवं उसके परिजनों ने सफल उपचार के लिए अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।


