उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में दुल्हन, दूल्हे को शादी के हसीन सपने दिखाकर जयमाला के बाद भाग गई। 3 महीने पहले तय हुई शादी के दिन पूरे होने पर दूल्हा बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचा था। शादी की लगभग सारी रस्में पूरी होने के बाद दुल्हन विदाई से ठीक पहले फरार हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस लिखा पढ़ी करके वापस लौट आई। वही दूल्हा बिना दुल्हन लिए बारात लेकर वापस लौट गया।
मामला बंकी कस्बे से जुड़ा हुआ है, मंगलवार को ददेर के रहने वाले रामकुमार के बेटे 23 वर्षीय सुशील बंकी कस्बे के रहने वाले बंसीलाल की 18 वर्षीय पुत्री पल्लवी से विवाह करने के लिए बारात लेकर पहुंचे थे। शादी की तमाम रस्में पूरी होने के बाद दुल्हन अचानक से लापता हो गई। शादी की पूरी रात गुजर गई लेकिन दुल्हन के गायब होने की बात दूल्हे से छुपी रही। अंततः देखते देखते पूरा दिन गुजर जाने के बाद बुधवार के शाम दूल्हे ने डायल 112 पुलिस को फोन करके मदद की गुहार लगाई। तब दुल्हन के गायब होने का मामला उजागर हो सका।
दूल्हे को दुल्हन ने दिखाए हसीन सपने
दरअसल, दूल्हे और दुल्हन का एक वीडियो इंटरनेट पर अब धमाल मचा रहा है। आमतौर पर शादी विवाह के मौके पर वर वधू का अपनी शादी में डांस करना आम बात हो गया है। लेकिन, यहां का मामला कुछ टेढ़ा है, दूल्हा जब बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचा तब दुल्हन ने सज धज कर दूल्हे के साथ डीजे पर जमकर डांस किया। जिससे किसी को दुल्हन की योजना का जरा भी अंदाजा न हुआ, दुल्हन के फरार होने के बाद अब उसके डांस का वीडियो सोशल मीडिया की सुर्खियों में आ गया है। देखिए वीडियो 👇।
बाराबंकी में डीजे पर दुल्हन ने किया डांस, शादी के बाद विदाई से पहले फरार pic.twitter.com/6EB3aHojeV
अंधेरे में रहा दूल्हा
शादी की सारी रस्में जय माल, सात फेरे, मांग में सिंदूर दान पूरा होने के बाद विदाई के वक्त दुल्हन घर छोड़कर फरार हो गई। मजे की बात यह रही कि घर वालों को दुल्हन के गायब होने की पूरी जानकारी होने के बावजूद भी शादी के बाद अदा की जाने वाली रस्में निभाई जाती रही। समय गुजारने के लिए बैठक के दौरान जूता चुराई के रस्म में साली ने घंटों तक जूता वापस नहीं किया, जिससे नंगे पांव दूल्हा दुल्हन के विदाई को भूलकर जूता वापस पाने के लिए उपहार की कीमत पूछता रहा। विदाई के नाम पर दूल्हे से लगातार समय की मांग की जाती रही। लेकिन विदाई की रस्म आगे नहीं बढ़ रही थी। ऐसे में शाम के 3:30 बज गए तब दूल्हे ने डायल 112 पुलिस को फोन करके मदद की गुहार लगाई।
घर बसाने के लिए गिरवी रखा खेत
दूल्हे सुनील ने बताया कि 3 महीने पहले उसकी शादी तय हुई थी, आर्थिक समस्या न होने पाए, होने वाली दुल्हन को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो इसलिए उसने अपनी तीन बीघा उपजाऊ जमीन गिरवी रख दी थी। लेकिन दुल्हन पल्लवी ने उसका घर बसने से पहले ही उजाड़ दिया। ऐसे में उसका सब कुछ बर्बाद हो गया, 60 हजार रुपए में खेत को रेहन रखकर खुशियां खरीदने के चक्कर में मुंह का निवाला भी छिन गया।

