कमलेश
लखीमपुर-खीरी:जनपद के थाना पलिया क्षेत्र में पुलिस के द्वारा अवैध मादक पदार्थों तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को बड़ी सफलता हासिल की है। थाना प्रभारी ने टीम के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से ब्राउन शुगर (स्मैक) व नशीली दवा अल्प्राजोलम बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 79 हजार रुपये बताई जा रही है। यह कामयाबी पुलिस अधीक्षक डॉ.ख्याति गर्ग के निर्देशन में थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी को उस समय मिली जब वह विशेष अभियान में गश्त पर थे। जहां थाना प्रभारी ने असमान पुत्र कबीर (21) निवासी बरबंडा थाना पलिया तथा सलमान पुत्र मोहम्मद रफीक (27) को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इससे पूर्व दोनो तस्करों की जामा तलाशी के दौरान असमान के पास से 10 ग्राम ब्राउन शुगर (स्मैक) जिसकी कीमत लगभग 42 हजार रुपये तथा सलमान के पास से 28 ग्राम अल्प्राजोलम पाउडर मिला जिसकी कीमत करीब 37 हजार रुपये आंकी गई है। वही गिरफ्तार तस्करों के विरुद्ध थाना पलिया में मुकदमा संख्या 108/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायालय भेजा जा रहा है। इस बाबत थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि दोनों तस्करों का आपराधिक इतिहास भी रहा है,इन पर पूर्व में भी विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।इसके अलावा उन्होंने यह भी बताया कि यह अभियान लगातार तब तक चलता रहेगा,जब तक मादक पदार्थ तस्कर क्षेत्र से विलुप्त नही हो जाते।

