पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
नवाबगंज गोंडा । अयोध्या 84 कोसी परिक्रमार्थियों का जत्था मंगलवार को महंगूपुर स्थित कपिल आश्रम पहुंचा। यहां संतो का स्वागत फूल मालाओ से ग्रामीणों ने किया। सभी ने यहीं पर भोजन विश्राम किया।
सोमवार को तुलसीपुर माझा के बाबा चक्की पर सभी का रात्रि भोजन व विश्राम हुआ। सुबह हनुमान मंडल के परिक्रमार्थी सुरेन्द्र सिंह की अगुवाई में अगले पड़ाव महंगूपुर के लिए निकले। रास्ते में सुशील पांडेय ने संतो का फूल मालाओं से स्वागत किया और जलपान कराया।
इसके बाद सभी कपिल आश्रम पहुंचे और वहीं पर डेरा डाला। दोपहर में दूसरा जत्था गया शरण के साथ पहुंचा उनका भी आदर सत्कार किया गया। दोपहर व रात्रि भोजन के साथ ही विश्राम भी यहीं पर हुआ। हनुमान जयंती से मखौड़ा धाम से आरम्भ परिक्रमा अपने अंतिम पड़ाव की तरफ है। विश्व हिन्दू परिषद के संगठन मंत्री व परिक्रमा प्रभारी सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि केरल व तमिलनाडु को छोड़कर पूरे देश के लोग परिक्रमा में शामिल हैं। पड़ोसी देश नेपाल के 6 लोग भी परिक्रमा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि विहिप के प्रयास से परिक्रमा का विस्तार हुआ है। पूरे वर्ष में इस परिक्रमा के साथ ही वाराकरी गुरुकुल महाराष्ट्र के दो जत्थे, झारखण्ड व चित्रकूट के एक एक तथा एक जत्था बस से परिक्रमा करता है। आने वाले दिनों में प्रतिदिन परिक्रमा होगी। संतो की सेवा में भगवान कपिल देव मुनि मंदिर संस्थान के शरद पांडेय, डा विक्रमा प्रसाद, डा मिथलेश, सुधीर,रामशंकर शर्मा,शौनक,आनंद तिवारी, दरोगा मिश्र, बृजेन्द्र मिश्र, मिंटू, दिव्यांशु आदि लोग शामिल रहे।



