कमलेश
बहराइच। बहराइच में गेंदघर स्थित पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने मंगलवार को स्कूल चलो अभियान के तहत भव्य जागरूकता रैली निकालकर शिक्षा के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया। रैली का उद्देश्य कक्षा 9 में अधिक से अधिक छात्राओं का नामांकन सुनिश्चित करना, बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना और अभिभावकों को इसके प्रति जागरूक करना रहा।
रैली विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर गुलामअलीपुरा सहित विभिन्न वार्डों और प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः विद्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान छात्राओं ने “पढ़ी-लिखी नारी, घर-घर की उजियारी”, “हर बच्चे को पढ़ाएंगे, शिक्षा अधिकार दिलाएंगे” और “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” जैसे प्रेरक नारे लगाकर माहौल को जागरूकता से भर दिया। जगह-जगह अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने रैली का स्वागत कर छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान प्रधानाचार्य मधु यादव (पी.ई.एस.) ने बताया कि अभियान का मुख्य लक्ष्य प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़ना और शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना है, जो समाज के सहयोग के बिना संभव नहीं है। वही प्रवक्ता प्रतिमा कुमारी ने जानकारी दी कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। विद्यालय से बाहर बच्चों का चिन्हांकन कर उनका नामांकन कराया जा रहा है। साथ ही
उन्होंने बताया कि शासन द्वारा छात्राओं को यूनिफॉर्म, बैग, मध्याह्न भोजन, निःशुल्क पुस्तकें, एक्सपोजर विजिट (आउट ऑफ स्टेट), ब्यूटी एवं वेलनेस कोर्स जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। साथ ही 5 किलोमीटर से अधिक दूरी से आने वाली छात्राओं को प्रतिवर्ष 6000 रुपये की अलग अलग सुविधा दी जा रही है। इस अवसर पर रैली में राबिया अंसारी, कीर्ति गोस्वामी, ममता यादव सहित अन्य शिक्षकगण व अभिभावक उपस्थित रहे।


