सुनील गिरि
यूपी के हापुड़ जिले के थाना धौलाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां खुशियों भरा माहौल मातम में बदल गया। गाजियाबाद के डासना से बुलंदशहर के गुलावठी गई एक बारात जब शादी समारोह संपन्न कर वापस लौट रही थी, तभी कपूरपुर-धौलाना मार्ग पर उनकी बस तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित हो गई और एक हाइड्रा ट्रक से जा टकराई , दोनों वाहनों के बीच इतनी भीषण भिड़ंत हुई कि अनियंत्रित होकर हाइड्रा सीधे बस के ऊपर पलट गया, जिससे बस में सवार यात्री मलबे और हाइड्रा के भारी वजन के नीचे दब गए। इस घटना के बाद मौके पर कोहराम मच गया और चारों ओर चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
![]() |
| बस के उड़े परखच्चे |
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। SP हापुड़ समेत करीब 6 थानों की फोर्स तत्काल घटनास्थल पर पहुँची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
![]() |
| चकनाचूर हुई बस |
इस भीषण हादसे के चलते बस के परखच्चे उड़ गए और बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके मलबे में बस में सवार यात्री भी दब गए, जिनमें से कई लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। ट्रक के नीचे दबे यात्रियों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। इस भीषण दुर्घटना में अब तक आधा दर्जन से अधिक लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि दो दर्जन से अधिक बाराती गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रेस्क्यू अभियान जारी रखा ताकि बस के भीतर फंसे अन्य लोगों को सुरक्षित निकाला जा सके। वर्तमान में सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से कई नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ कई यात्रियों की हालत नाजुक बनी हुई है।



