कमलेश
खमरिया खीरी:खमरिया-ईसानगर क्षेत्र में भारत रत्न, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर क्षेत्र के ऐरा भिठौली सहित विभिन्न स्थानों पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। वही
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने डॉ. आंबेडकर के जीवन, उनके संघर्षों और भारतीय संविधान निर्माण में उनके अमूल्य योगदान पर प्रकाश डाला। लोगों को उनके द्वारा बनाए गए संविधान की विशेषताओं और समाज में समानता, न्याय और अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। यही नही जयंती के उपलक्ष्य में जगह-जगह बाइक व अलग अलग वाहनों से रैलियों का आयोजन भी किया गया, जिसमें युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रैलियों के माध्यम से सामाजिक एकता और संविधान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। इस दौरान क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए खमरिया थाना प्रभारी ओपी राय व ईसानगर थाना प्रभारी निर्मल तिवारी के नेतृत्व में पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रह संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी बनाये रखी।
सीताराम मनवार पब्लिक इण्टर कालेज में याद किए गये संविधान निर्माता
महरिया स्थित सीताराम मनवार पब्लिक इंटर कॉलेज में मंगलवार को भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानाचार्य श्रीराम मनवार एवं समस्त स्टाफ द्वारा बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
इसके पश्चात विद्यालय के विद्यार्थियों ने भाषण, कविता एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से डॉ. अंबेडकर के जीवन संघर्ष, शिक्षा के प्रति उनके समर्पण, भारतीय संविधान के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका तथा सामाजिक समानता के लिए किए गए उनके प्रयासों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में प्रेरणादायक वातावरण बना रहा। वही अपने संबोधन में प्रधानाचार्य श्रीराम मनवार ने कहा कि डॉ. अंबेडकर केवल एक महान व्यक्तित्व ही नहीं, बल्कि एक सशक्त विचारधारा हैं। उनके सिद्धांत आज भी समाज को समानता, स्वतंत्रता और भाईचारे का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से बाबा साहब के आदर्शों को अपनाने और शिक्षा के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का आह्वान किया।


