कमलेश
खमरिया-खीरी:बेसिक शिक्षा विभाग के निर्देशन में ईसानगर विकासखंड के समस्त परिषदीय विद्यालयों में बीएसए प्रवीण तिवारी के निर्देशन व बीईओ अखिलानंद राय की अगुवाई में बुधवार को भारतीय भाषा ग्रीष्मकालीन शिविर का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। शिविर का उद्देश्य बच्चों में भारतीय भाषाओं के प्रति रुचि विकसित करना, भाषाई कौशल को बढ़ावा देना तथा नई शिक्षा नीति के तहत मातृभाषा आधारित शिक्षा को मजबूत करना है। शिविर के पहले दिन विद्यालयों में शिक्षकों द्वारा बच्चों को हिंदी सहित विभिन्न भारतीय भाषाओं की महत्ता के बारे में जानकारी दी गई। वही बच्चों को भाषा आधारित खेल, कहानी वाचन, कविता पाठ, लोकगीत, संवाद अभ्यास और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सीखने का अवसर प्रदान किया गया। इस दौरान शिविर में बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन किया। वही शिविर को लेकर खंड शिक्षा अधिकारी अखिलानंद राय ने बताया कि ग्रीष्मकालीन शिविर के माध्यम से बच्चों की भाषा दक्षता, अभिव्यक्ति क्षमता और आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति में भारतीय भाषाओं के संरक्षण और संवर्धन पर विशेष जोर दिया गया है, उसी के अनुरूप यह कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसमें विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों ने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से शिविर में भेजने की अपील की, ताकि अवकाश के दौरान भी बच्चों का शैक्षिक विकास निरंतर जारी रह सके,तथा शिविर के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और रचनात्मकता का माहौल देखने को मिला। इस बीच बच्चों ने खुशी व्यक्त कर रंगोली, चित्रकला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और भाषाई विविधता को दर्शाया। वही कार्यक्रम के अंत में शिक्षक राजेश यादव,लालता प्रसाद बाजपेई,रमेश चंद्र नागर,दुर्गेश श्रीवास्तव,अशोक कुमार श्रीवास्तव,राजतमणि कश्यप,महेश विश्वकर्मा, प्रदीप वर्मा,मनोज कुमार आदि अन्य शिक्षकों ने बच्चों को नियमित अभ्यास और पुस्तकों के अध्ययन के लिए प्रेरित किया।

