पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
नवाबगंज। कंपोजिट विद्यालय कोल्हमपुर इमाम में तीन दिवसीय स्काउट-गाइड शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर में लगभग 72 छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को स्काउटिंग के नियम, सिद्धांत, ईश प्रार्थना, ध्वज शिष्टाचार, टोली निर्माण एवं टोली में सामूहिक कार्य करने की गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया।
शिविर में बच्चों को किम्स गेम एवं माइंड गेम जैसी रोचक गतिविधियां भी कराई गईं, जिससे उनमें नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और टीम भावना विकसित हो सके।
इंचार्ज प्रधानाध्यापक राजेश कुमार मिश्र ने बच्चों को प्रेम, भाईचारा और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता का संदेश देते हुए बढ़ती गर्मी के प्रति जागरूक किया। उन्होंने आगामी माह में वृक्षारोपण अभियान को बढ़ावा देने, पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा के विभिन्न उपायों की जानकारी भी दी।
जिला प्रशिक्षण आयुक्त गाइड श्रीमती आस्था मिश्रा ने बच्चों को स्काउटिंग के कर्तव्यों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने अपने प्रति कर्तव्य, ईश्वर के प्रति कर्तव्य तथा देश के प्रति जिम्मेदारियों को समझाते हुए बच्चों को परिवार और समाज के प्रति दायित्व निभाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही बच्चों को क्रियात्मक स्काउटिंग से जोड़ने के लिए विभिन्न गतिविधियां कराई गईं।
इस अवसर पर सहायक अध्यापक विकास कुमार सिंह ने स्काउटिंग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इससे बच्चों में अनुशासन, सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।



