पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
नवाबगंज, गोंडा। दो अलग-अलग सड़क हादसों में घायल दो युवकों की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर एक मामले में नामजद बाइक चालक और दूसरे में अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के भोपतपुर के महावीरन पुरवा निवासी गौरी शंकर ने बताया कि एक मई की शाम करीब सात बजे उनके चाचा राम मनोहर यादव (58) साइकिल से दूध लेकर पंडित पुरवा गांव जा रहे थे। पंडित पुरवा गेट के पास सामने से तेज रफ्तार बाइक सवार विनोद निवासी भोपतपुर ने साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में राम मनोहर यादव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। परिजनों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
दूसरी घटना गोरखपुर-लखनऊ फोरलेन मार्ग पर लोलपुर ओवरब्रिज के पास हुई। बस्ती जिले के छावनी थाना क्षेत्र के देवखर मिश्र गांव निवासी रविशंकर ने बताया कि दो मई की दोपहर को उनके भाई सुनील कुमार अपनी साली प्रिया को बाइक से अयोध्या से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में सुनील कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि प्रिया भी घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अयोध्या मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान सुनील कुमार की मौत हो गई। प्रिया का इलाज जारी है।थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में मृतकों के परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।

