पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
उत्तर प्रदेश के गोंडा में देर रात हुए सड़क हादसे में युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी से परिजनों में कोहराम मच गया, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक बुधवार की देर रात नवाबगंज थाना क्षेत्र के अयोध्या गोंडा मार्ग पर शोभापुर गांव के पास अज्ञात वाहन के चपेट में आने से नवाबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत लौव्वाबीरपुर पूरे सिंगराय गांव के रहने वाले 30 वर्षीय वीरेंद्र यादव पुत्र विजय बहादुर यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही नवाबगंज थाना प्रभारी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। घायल हुए युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
![]() |
| अपस्ताल में पुलिस व ग्रामीण |
ड्यूटी से लौट रहा था युवक
बताया जाता है कि विजय बहादुर के पांच पुत्रों में वीरेंद्र सबसे बड़ा बेटा था, अयोध्या में वह प्राइवेट नौकरी करता है, रोज की तरह बाइक पर सवार होकर घर से निकला था। जहां से वापस लौट कर देर रात जब वह घर जा रहा था। तभी पीछे से आए किसी वाहन ने जोरदार ठोकर मार दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मासूमों के सिर से उठ गया पिता का साया
युवक के असमय मौत से पत्नी कौशल्या उर्फ पूजा का रो रो कर बुरा हाल है। वही दोनों नन्हे मासूम आयुष और पीयूष मां को रोते हुए देखकर फफक पड़ते है।
बोले इंस्पेक्टर
घटना की पुष्टि करते हुए नवाबगंज थाना प्रभारी अभय सिंह ने दूरभाष पर बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रवाना कर दिया गया है। मृतक के परिजनों के शिकायती पत्र पर अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।


