कमलेश
खमरिया खीरी:सीतापुर-लखीमपुर बॉर्डर पर शारदा नदी के ईसानगर क्षेत्र डेबर घाट से सीतापुर जनपद के तंबौर को जोड़ने के लिए बन रहे निर्माणाधीन पुल का सोमवार को केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, पुल की संरचनात्मक मजबूती और जनसुरक्षा से जुड़े इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से बातचीत करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि परियोजना को निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्रीय जनता को जल्द से जल्द आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सके।
इसके अलावा मंत्री ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों के पालन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि कार्य के हर चरण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और तकनीकी गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। साथ ही उन्होंने स्थानीय लोगों की सुविधाओं और सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात भी कही,
इस अवसर पर उनके साथ कारागार राज्य मंत्री सुरेश राही भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में धौरहरा व सीतापुर क्षेत्र के कई कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि शामिल हुए, जिनमें प्रमुख रूप से जितेन्द्र प्रताप भार्गव, के. सिंह, अनिल, सुशील, अभय, चन्द्रेश, संतराम समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।गौरतलब है कि यह पुल बनने के बाद सीतापुर और लखीमपुर खीरी के बीच आवागमन और भी सुगम हो जाएगा, जिससे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों ने भी पुल निर्माण कार्य के तेजी से पूरा होने की अपेक्षा जताई है।



