उत्तर प्रदेश के गोंडा पुलिस ने दो शातिर लुटेरों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है, जिसमें एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों बदमाशों पर लूट खसूट करने के गंभीर आरोप है। बदमाशों से पुलिस ने लूट का सामान बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक सोमवार की देर रात कर्नलगंज पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के दौरान जिले के कौड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत बेहडा गांव के रहने वाले बृजेश शुक्ला पुत्र काशीनाथ शुक्ला और कटरा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरा माझा गांव निवासी अमर शुक्ला उर्फ नन्के पुत्र राम सुहावन को मुठभेड़ के दौरान दबोच लिया है। जिसमें पुलिस की गोली लगने से बृजेश शुक्ला घायल हो गया है। जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यहां हुई थी लूट
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के मुताबिक कर्नलगंज थाना क्षेत्र के सदर बाजार निवासी राजन सोनी पुत्र सीताराम सोनी 28 अप्रैल के सुबह 9:00 बजे अपने पैशन प्रो मोटरसाइकिल पर सवार होकर पिट्ठू बैग लिए हुए अपने दुकान सम्मयस्थान चौराहा नारायणपुर माझा जा रहे थे, इसी दौरान खाटू श्याम मंदिर के मोड़ के आगे मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाशों ने असलहा दिखा करके रोक लिया था। स्वर्ण व्यवसायी से सोने चांदी के आभूषण व नकदी भरे बैग को छीन कर बदमाश फरार हो गए थे। मामले में पीड़ित के शिकायती पत्र पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दिया गया था।
अथक प्रयासों के बाद हुई पहचान
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस के उच्च अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण करके जांच पड़ताल किया, मामले में पुलिस अधीक्षक ने एसओजी सर्विलांस सहित पांच टीमों का गठन करके जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने के लिए निर्देशित किया था। इसके बाद जांच में लगी टीम ने 75 किलोमीटर के दायरे में लगे हुए लगभग 500 सीसी टीवी कैमरे खंगाले, जिसके आधार पर बदमाशों की पहचान की गई।
बदमाशों ने पुलिस टीम पर चलाई गोली
एसपी ने बताया कि सोमवार की देर रात कर्नलगंज पुलिस, एसओजी टीम व सर्विलांस बदमाशों की तलाश में भ्रमणशील थी, इसी दौरान जानकारी मिली कि खाटू श्याम मन्दिर मोड़ के पास लूट की घटना को अंजाम देने वाले शातिर बदमाश नरायणपुर मांझा क्रासिंग से पहले खड़े हैं। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई, बदमाशों को घेराबंदी करके पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस टीम से खुद को घिरता हुआ देखकर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। मामले में पुलिस ने भी जवाबी कार्यवाही की जिससे बृजेश शुक्ला के पैर में गोली लग गई। इस दौरान बदमाश का दूसरा साथी अमर शुक्ला मौके से भागने का प्रयास करने लगा जिसे पुलिस ने खदेड़ कर पकड़ लिया।
करनैलगंज से रेफर
घायल हुए बदमाश को पुलिस टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्नलगंज पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला मुख्यालय के लिए रेफर कर दिया।
लूट के जेवर बरामद
एसपी ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से सफेद धातु की बिछिया, चैन ब्रेसलेट, पीली धातु की ॐ लॉकेट, नथिया और कील बरामद किया गया है। बदमाशों से लूट के 5200 रुपए, एंड्राइड मोबाइल फोन, पीड़ित का बैग जिसमें पीड़ित का आधार कार्ड भी प्राप्त हुआ है। एसपी ने बताया कि बदमाश बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार थे, जिसे कब्जे में लेते हुए बदमाशों के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया है।
एक और लूट का खुला राज
एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान बदमाशों से पता चला है कि इनके सहयोगी पहले रेकी करते थे। जिसके बाद घटना को अंजाम देते थे। इसी क्रम में 28 अप्रैल को घटना को अंजाम दिया था। बदमाशों से यह भी पता चला कि 13 अप्रैल को पड़ोसी जनपद बहराइच के थाना कैसरगंज क्षेत्रान्तर्गत एक सर्राफा व्यापारी से लूट की घटना की गई थी ।

