पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
नवाबगंज गोंडा। थाना क्षेत्र के मैनपुर दुबौली गांव निवासी दैनिक समाचार पत्र के पत्रकार आनंद दुबे के चाचा एवं श्रीमद्भागवत कथा के यजमान आयोजक रामकुबेर दुबे (72) की कथा श्रवण के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर अयोध्या ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है तथा स्थानीय लोग परिजनों को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार गांव में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में रामकुबेर दुबे बतौर यजमान शामिल थे और कथा श्रवण कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें अयोध्या स्थित ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
पत्रकार आनंद दुबे ने बताया कि रामकुबेर दुबे परिवार के वरिष्ठ सदस्य थे। उनके एक पुत्र हैं, जिन्होंने अयोध्या घाट पर उनका अंतिम संस्कार कर मुखाग्नि दी। घटना के बाद पूरे गांव व क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।

