पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
नवाबगंज गोंडा। बुधवार को कंपोजिट विद्यालय कोल्हमपुर इमाम में जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों को जल बचाने और उसके महत्व के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां कराई गईं।
प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों ने अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन करते हुए जल संचयन और संरक्षण के विविध पहलुओं को चित्रों में उकेरा। साथ ही मौके पर जल के महत्व पर आधारित प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रधानाध्यापक राजेश कुमार मिश्रा ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि जल मानव जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है और यह प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने बच्चों को बिना आवश्यकता जल बर्बाद न करने और इसके संरक्षण का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में सहायक अध्यापक विकास कुमार सिंह, सीमा सिंह, निशा सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया।
इस आयोजन के माध्यम से बच्चों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने का सार्थक प्रयास किया गया।

