8 पुरुष 2 महिलाओं की मौत,एक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल किया गया रेफर
कमलेश
खमरिया-खीरी।ईसानगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह नेशनल हाईवे 730 पर ऊंचगांव और भरेहटा गांव के बीच दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लखीमपुर से सिसैया की ओर जा रही एक मैजिक वाहन की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मैजिक के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार 8 पुरूष और दो महिलाओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। जिन्हें जिला मुख्यालय रेफर किया गया है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही ईसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाने की कवायद शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर आमने-सामने की थी, जिससे मैजिक वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मृतकों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है तथा मृतकों और घायलों के संबंध में जानकारी एकत्र की जा रही है।




