कमलेश
खमरिया- खीरी:खमरिया थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है,मदाराबेहड़ में हुई हालिया चोरियों की चर्चा अभी थमी भी नहीं थी कि शनिवार रात बेखौफ चोरों ने एक प्रतिष्ठित इंडस्ट्रियल के घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के मोहम्मदापुर गांव निवासी इंडस्ट्रियल दधीच कटियार के घर चोरों ने उस समय धावा बोला जब पूरा परिवार सीतापुर जनपद स्थित गांव में एक पारिवारिक शोक कार्यक्रम में गया हुआ था। दधीच कटियार ने बताया कि उनके साले का निधन हो जाने के कारण परिवार वहीं रुका हुआ था, जबकि वह स्वयं रात में वापस आने के बाद घर न जाकर अपनी फैक्ट्री पर ही रुक गए थे। रविवार सुबह उनकी माता जी ने कमरे का दरवाजा खुला देखा तो चोरी होने की जानकारी हुई,जिसकी सूचना मिलते ही परिवार के होश उड़ गए। चोरों ने कमरे में रखी आलमारी का ताला तोड़कर व बेड उसमें रखी करीब 20 हजार रुपये की नकदी के अलावा सोने का हार, दो सोने की अंगूठियां, सोने की चेन, पैंडल, ओम लॉकेट,तीन जोड़ी पायल समेत अन्य कीमती जेवरात चोरी कर लिये। पीड़ित के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत लगभग 20 से 25 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही खमरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने पीड़ित से प्रार्थना पत्र लेकर जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया है। वही क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों से क्षेत्रीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।


