कमलेश
खमरिया खीरी। खमरिया थाना क्षेत्र के एनएच 730 पर गुरुवार को दोपहर शारदा नदी पर बने ऐरा पुल पर ट्रक और ऑटो की आमने-सामने भिड़ंत में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। हादसा करीब शाम 4:15 बजे हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
पुलिस के अनुसार ट्रक संख्या UP31T7863 और ऑटो संख्या UP31CT5155 के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ऐश्वर्य अवस्थी पुत्र विजय कुमार निवासी मोहल्ला ईदगाह लखीमपुर खीरी, शर्मा देवी पत्नी रामलखन सिंह निवासी ओयल थाना खीरी, अख्तर अली पुत्र छोटे निवासी कोड़री थाना तम्बौर जनपद सीतापुर, छोटू पुत्र मैनूद्दीन निवासी ग्राम महाराजनगर थाना धौरहरा तथा खलीकुन पुत्र मैनूद्दीन निवासी ग्राम महाराजनगर थाना खमरिया घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल नकहा भेजा गया है।
वहीं गंभीर रूप से घायल रामदेवी पत्नी सुशील कुमार निवासी ग्राम खनियापुर थाना लहरपुर जनपद सीतापुर, जाहिरा पत्नी मैनूद्दीन निवासी ग्राम महाराजनगर थाना धौरहरा जनपद खीरी तथा एक अज्ञात करीब 55 वर्षीय व्यक्ति को भी अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रक चालक छुटकन्ने पुत्र भोंदू निवासी मरसंडा थाना लहरपुर जनपद सीतापुर को हिरासत में ले लिया है। इस बाबत थाना प्रभारी ओपी राय ने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद मौके पर पुलिस बल तैनात है तथा कानून एवं शांति व्यवस्था कायम है।


