पं श्याम त्रिपाठी/विपिन तिवारी
नवाबगंज गोंडा। शनिवार सुबह करीब सात बजे थाना क्षेत्र के नवाबगंज-मनकापुर मार्ग पर तेज रफ्तार से बाजार जा रहा एक बाइक सवार अचानक सड़क पर आए कुत्ते से टकराकर घायल हो गया। दुर्घटना में कुत्ते की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल युवक को परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के हरिहरपुर रमना गांव निवासी किसान संतराम का पुत्र विकास अपनी बाइक से टमाटर बेचने के लिए नवाबगंज बाजार जा रहा था। जैसे ही वह सिरसा फार्म के सामने पहुंचा, अचानक एक कुत्ता सड़क पर आ गया। विकास जब तक कुछ समझ पाता, उसकी बाइक कुत्ते से टकरा गई और वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के समय पीछे से आ रहे गांव के लोगों ने घायल युवक की मदद की तथा परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और विकास को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल युवक के संबंध में थाने को कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है।

