पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
नवाबगंज (गोंडा)। नंदिनी नगर महाविद्यालय के स्पोर्ट्स स्टेडियम में रविवार से तीन दिवसीय ओपन सीनियर नेशनल रैंकिंग कुश्ती प्रतियोगिता का भव्य आगाज हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन फ्री-स्टाइल शैली के मुकाबलों में देशभर से पहुंचे पहलवानों ने ताकत, तकनीक और फुर्ती का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने किया। उन्होंने स्टेडियम में लगाए गए चारों मैट पर पहुंचकर पहलवानों से हाथ मिलवाया और मुकाबलों की शुरुआत कराई। उद्घाटन के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
तीन दिवसीय इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के पहले दिन फ्री-स्टाइल शैली के दस भार वर्गों में मुकाबले आयोजित किए गए। देश के विभिन्न राज्यों से आए करीब छह सौ से अधिक पहलवानों ने प्रतिभाग किया। दिनभर चले मुकाबलों में कई बाउट्स बेहद रोमांचक रहे, जहां अंतिम क्षण तक जीत-हार का फैसला टलता रहा।
मैट ए पर 92 किलो भार वर्ग में हरियाणा के मंजीत और दिल्ली के अमित सिंह के बीच पहला मुकाबला खेला गया। इसी भार वर्ग में यूपी के विनय कुमार और हरियाणा के हर्ष के बीच दूसरा मुकाबला हुआ। वहीं पंजाब के साहिल और हरियाणा के राहुल हुड्डा के बीच हुई कुश्ती ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
मैट बी पर 97 किलो भार वर्ग में हरियाणा के आशीष और शीतल गुलिया के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। वहीं मैट डी पर 57 किलो वर्ग में हरियाणा के यन्नत और ऋषभ दिवाकर आमने-सामने रहे। इसी भार वर्ग में यूपी के रजत और हरियाणा के आलोक मलिक के बीच भी जोरदार मुकाबला हुआ।
मैट सी पर 97 किलो वर्ग में हरियाणा के अरुण कुमार और लक्ष्य के बीच पहली बाउट खेली गई। दूसरी प्रतियोगिता यूपी के नरसिंह पटेल और महाराष्ट्र के शुभम के बीच हुई, जबकि तीसरी कुश्ती हरियाणा के रुपेश और संदीप के बीच संपन्न हुई।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में अर्जुन अवार्ड से सम्मानित अंतरराष्ट्रीय पहलवान दीपक पुनिया भी हिस्सा लेंगे। दीपक पुनिया एशियन गेम्स 2023 के गोल्ड मेडलिस्ट हैं। इसके अलावा एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप 2023 के कांस्य पदक विजेता अनिरुद्ध कुमार भी प्रतियोगिता में अपने दांव-पेंच दिखाएंगे।
सोमवार को प्रतियोगिता के दूसरे दिन ग्रीको-रोमन शैली के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे, जिसमें देशभर के कई नामी पहलवान मैट पर उतरेंगे।
मौके पर डा गौरव श्रीवास्तव, डा नवीन सिंह, डा अजय मिश्रा, पूर्व प्रमुख मनकापुर आजाद विक्रम सिंह, डा सत्येंद्र सिंह, सुल्तान सिंह, सोनू सिंह, पिंकल सिंह, मुकेश सिंह, विशाल सिंह, शुभम पाठक सहित तमाम लोग मौजूद रहे।


