पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
नवाबगंज, गोंडा। वजीरगंज थाना क्षेत्र के देवी नगर गांव में रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किशोरी का शव घर से कुछ दूरी पर स्थित पाही में लोहे की पाइप से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार देवी नगर गांव निवासी श्रीनिवास की पुत्री साक्षी रविवार करीब तीन बजे घर से निकली थी। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान घर से कुछ दूरी पर स्थित पाही में उसका शव फंदे से लटका मिला। शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां कृष्णावती बदहवास हो गईं। सूचना मिलने पर पहुंचे छोटे भाई विशाल ने दुपट्टा काटकर शव को नीचे उतारा।
घटना की जानकारी गांव प्रधान जयराम चौहान को दी गई, जिन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची वजीरगंज थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थानाध्यक्ष विपुल कुमार पांडे ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। बताया जाता है कि मृतका के पिता दुबई में रहते हैं, जबकि बड़ा भाई पुणे में नौकरी कर परिवार का सहारा बना हुआ है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

