पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
नवाबगंज (गोंडा)। क्षेत्र में चल रहे रिंग रोड निर्माण कार्य के दौरान दुल्लापुर गांव के ग्रामीणों ने अंडरपास व सर्विस लेन की मांग को लेकर रविवार को प्रदर्शन किया और निर्माण कार्य रोक दिया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और काम दोबारा शुरू कराया गया।
रविवार की सुबह दुल्लापुर गांव के करीब तीन दर्जन से अधिक महिला-पुरुष एकत्र होकर गांव के सामने बन रहे रिंग रोड स्थल पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने गांव के सामने सड़क के दूसरी ओर आने-जाने के लिए अंडरपास व सर्विस लेन निर्माण की मांग को लेकर नारेबाजी की और निर्माण कार्य रुकवा दिया।सूचना पर पहुंचे रिंग रोड निर्माण के लाइजिनिंग मैनेजर सुनील तिवारी ने ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की मांग से एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर को अवगत करा दिया गया है। प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने दो दिन के भीतर मौके का निरीक्षण कर आवश्यक होने पर अंडरपास व सर्विस लेन निर्माण पर विचार करने का आश्वासन दिया है।ग्रामीणों का कहना है कि रिंग रोड निर्माण के कारण गांव के कई मजरों के किसानों की जमीन सड़क के दूसरी ओर चली गई है। ऐसे में उन्हें अपने खेतों तक पहुंचने के लिए कई किलोमीटर का लंबा चक्कर लगाना पड़ेगा। ग्राम प्रधान धनलाल निषाद ने बताया कि गांव का एक मजरा सड़क के दूसरी तरफ भी स्थित है, उनके कई लोगों की जमीन इस पार है। इस तरफ के गांव वालों की जमीन उस पार है।उन्होंने कहा कि यदि आने-जाने के लिए उचित व्यवस्था नहीं की गई तो किसानों को खेती-किसानी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। ट्रैक्टर-ट्रॉली, थ्रेसर व अन्य कृषि यंत्र खेतों तक नहीं पहुंच सकेंगे, जिससे बोआई, कटाई और मड़ाई प्रभावित होगी।अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त कर निर्माण कार्य को पुनः शुरू होने दिया।


