![]() |
| AI GENERATED PHOTO |
एसपी के आदेश पर एफआईआर दर्ज
खुर्शीद खान
सुल्तानपुर।जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र में कुछ दबंगों ने एक युवती को जबरन रोककर उसके साथ छेड़खानी की, अश्लील हरकतें कीं और उसका वीडियो बना लिया। आरोपियों ने युवती की शादी तय होने पर उस वीडियो को उसके ससुराल वालों को भेजकर शादी तोड़ने की कोशिश की और विरोध करने पर पूरे परिवार को गोली मारने की धमकी दी। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक के कड़े रुख के बाद जयसिंहपुर थाने में नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
जयसिंहपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली पीड़िता की मां ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि घटना की शुरुआत 2 दिसंबर 2024 को हुई थी। उस दिन दोपहर करीब 3 बजे उनकी बेटी कालीगंज से पैगापुर के रास्ते बाइक से अपने एक परिचित के साथ घर लौट रही थी।
तभी घरसौली गांव के पास छोटी नहर की पटरी के पास घात लगाए बैठे गांव के ही कुछ दबंगों ने बाइक को जबरन रोक लिया। आरोपी युवती को खींचकर नहर की पटरी के बगल में स्थित जंगल में ले गए। वहां तीन लोगों ने युवती के साथ छेड़खानी और अश्लील हरकतें कीं। इस दौरान आरोपियों ने उसका एक वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया। जब पीड़िता ने शोर मचाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी देकर चुप करा दिया।
आरोपी लगातार पीड़िता को वह वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करते रहे। इस बीच पीड़िता की शादी तय हो गई और बीती 28 अप्रैल को उसकी शादी होनी थी। आरोपियों ने शादी में खलल डालने की नीयत से वह अश्लील वीडियो लड़की के पति और उसके ससुर के पास भेज दिया, जिससे उसकी शादी टूटने की कगार पर पहुंच गई।
जब पीड़ित परिवार ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने फोन कर लड़की के परिवार और उसके दामाद के परिवार को सरेआम गोली मार देने की धमकी दी। इस घटना के बाद से पीड़ित युवती और उसका पूरा परिवार गहरे सदमे और दहशत में है।
स्थानीय स्तर पर सुनवाई न होने के बाद पीड़िता की मां ने सुल्तानपुर के पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सुल्तानपुर ने तत्काल जयसिंहपुर थाना पुलिस को एफआईआर दर्ज करने का कड़ा आदेश जारी किया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर घरसौली गांव के रहने वाले उत्कर्ष सिंह, पुल्लू सिंह, दीपाल सिंह, अनमोल नाई और उनके अन्य सहयोगियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला पंजीकृत कर लिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की जांच निरीक्षक अखंड देव मिश्रा को सौंपी गई है।

