खुर्शीद खान
सुलतानपुर।जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के पीढ़ी मेहदिया गांव में शनिवार दोपहर 12 बजे एक युवक का शव फंदे से लटका हुआ मिला। घटना का पता तब चला जब जनगणना करने पहुंचे एक कर्मी ने घर के अंदर शव देखा।
शव छत की बड़ेर के रस्सी के सहारे लटका हुआ था। जनगणना कर्मी की सूचना पर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और तत्काल पुलिस को खबर दी गई। मृतक की पहचान भोलानाथ पुत्र रामजीत (29 वर्ष) के रूप में हुई है।
स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि भोलानाथ घर में अकेले रहते थे और शराब पीने के आदी थे। इसी वजह से उनकी पत्नी और मां उनसे अलग रहती थीं।
मृतक के दो बच्चे हैं। बड़े बेटे का नाम दीपक है जिसकी उम्र 4 साल है, जबकि दूसरा बच्चा लगभग छह-सात महीने का है। दोनों बच्चे अपनी मां के साथ मायके में रहते हैं। भोलानाथ का बड़ा भाई हौसिला प्रसाद अपनी ससुराल में रहता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

