पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
नवाबगंज। शादी-विवाह के सीजन में जहां लोग लिफाफों में नगदी देकर नेग निभाते हैं, वहीं क्षेत्र के बैजलपुर गांव में एक अनोखी पहल चर्चा का विषय बनी हुई है। गांव निवासी रिटायर्ड सेलटैक्स कमिश्नर अशोक पांडेय ने गरीब परिवार की बेटी की शादी में रुपये की जगह गैस सिलेंडर भेंट कर मानवीय संवेदना की मिसाल पेश की है।
बताया जाता है कि गांव निवासी जोखू की बेटी की शादी आगामी 12 मई को होनी है। शादी की तैयारियों के बीच परिवार को गैस सिलेंडर की व्यवस्था को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में अशोक पांडेय ने नेग के रूप में गैस सिलेंडर देकर परिवार की मदद की।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में एक सिलेंडर सामान्य घरेलू उपयोग में ही डेढ़ महीने के भीतर खत्म हो जाता है। गरीब परिवारों के लिए शादी जैसे अवसर पर अतिरिक्त सिलेंडर की व्यवस्था करना आसान नहीं होता। ऐसे में समाज के सक्षम लोगों को अपने स्तर से जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए।
जोखू को जरूरत के समय सिलेंडर मिलने से परिवार काफी खुश नजर आया। क्षेत्र में इस अनोखे न्योते की चर्चा जोरों पर है और लोग इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बता रहे हैं।

