पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
नवाबगंज, गोंडा। क्षेत्र के कोल्हमपुर इमाम कंपोजिट विद्यालय के बच्चों ने मंगलवार को पर्वती अरगा पक्षी विहार का एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान बच्चों ने स्काउटिंग गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और प्रकृति व पर्यावरण संरक्षण के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों को हाइक, बिना बर्तन के भोजन बनाना तथा कैंप फायर जैसी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही पर्वती पक्षी विहार में पाए जाने वाले विभिन्न पक्षियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बच्चों को उत्तर प्रदेश के राजकीय पक्षी ‘सारस’ को देखने का भी अवसर मिला, जिससे उनमें खासा उत्साह देखने को मिला।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजेश मिश्रा ने बताया कि शैक्षिक भ्रमण का उद्देश्य बच्चों को प्रकृति, पर्यावरण और वन्य जीवों के प्रति जागरूक बनाना है। उन्होंने बच्चों को पक्षियों के जीवन चक्र एवं पर्यावरण संतुलन में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी। साथ ही अपने आसपास हरियाली बनाए रखने और पक्षियों की सुरक्षा व संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
शैक्षिक भ्रमण के दौरान बच्चे काफी उत्साहित नजर आए और उन्होंने इसे ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक अनुभव बताया।


