कमलेश
लखीमपुर- खीरी:जनपद के पलिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के क्रम में आज फिर एक व्यक्ति को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से करीब 12 ग्राम ब्राउन शुगर (स्मैक) बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 48 हजार रुपये बताई जा रही है।
पलिया थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी की अगुवाई में मंगलवार को गिरफ्तार हुए स्मैक तस्कर की पहचान बबलू खान (50 वर्ष) पुत्र जफर खान निवासी मोहल्ला इकरामनगर, कस्बा व थाना पलिया के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन, 4000 रुपये नेपाली मुद्रा तथा नशीले पदार्थों के लाने ले जाने में प्रयुक्त एक बजाज सीटी-100 मोटरसाइकिल भी बरामद की है। इस बाबत थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही कहा कि क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

