एकलब्य पाठक
ईसानगर खीरी। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से ईसानगर थाना परिसर में ताजियादारों के साथ थाना प्रभारी ने महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों से आए ताजियादारों ने भाग लिया तथा प्रशासन के साथ आयोजन संबंधी तैयारियों पर चर्चा की। इस दौरान
थाना प्रभारी बृजेश कुमार सिंह ने ताजियादारों से जुलूस मार्ग, समय-निर्धारण, सुरक्षा व्यवस्था और ताजियों की ऊंचाई सहित विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी साझा की,साथ ही शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की।
बैठक में यह भी सामने आया कि थाना क्षेत्र में इस वर्ष कुल 291 ताजिए स्थापित किए जाएंगे। जिसको लेकर थाना प्रभारी ने सभी आयोजकों से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए त्योहार मनाने और किसी भी समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया। इस बाबत थाना प्रभारी ने बताया कि मोहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी, ताकि पर्व पूरी श्रद्धा, शांति और सौहार्द के साथ संपन्न हो सके।

