पं श्याम त्रिपाठी/ बनारसी मौर्या
नवाबगंज गोंडा। विकास खंड के हरिवंशपुर गांव में बुधवार को पंचायत की पहल पर दो पक्षों के बीच लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद का आपसी सहमति से निस्तारण करा दिया गया। मामले के समाधान के बाद ग्रामीणों ने पंचायत के फैसले की सराहना की।
प्रधान प्रतिनिधि रामभवन वर्मा ने बताया कि रमईपुरवा निवासी गोविंद और रामगोपाल के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इस दौरान कुछ लोग मामले में अड़ंगा डालने का प्रयास कर रहे थे, जिससे विवाद बढ़ने की आशंका बनी हुई थी।
बुधवार को गांव के पंचों एवं सम्मानित लोगों की मौजूदगी में जमीन की नाप-जोख कराई गई। इसके बाद दोनों पक्षों की सहमति से विवाद का शांतिपूर्ण समाधान कर दिया गया। पंचायत के इस निर्णय से गांव में सौहार्दपूर्ण माहौल बना हुआ है और ग्रामीण पंचायत की निष्पक्ष भूमिका की प्रशंसा कर रहे हैं।



