कमलेश
खमरिया-खीरी:ईसानगर थाना क्षेत्र के ग्राम सरावल, ग्राम पंचायत लौकाही मल्लापुर में शुक्रवार अलसुबह अज्ञात कारणों से लगी आग ने दो परिवारों की वर्षों की मेहनत पर पानी फेर दिया। आग की चपेट में आकर घर में रखा अनाज, नकदी और गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी कृष्णमुरारी पुत्र सूर्जलाल के घर में अलसुबह अचानक आग लग गई, देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे घर में रखा लगभग गेहूं, धान व 10 हजार रुपये नकद सहित घरेलू उपयोग का समस्त सामान जल गया। यही नही आग की चपेट में पड़ोसी ललित पुत्र केशव का भी घर आ गया। उनके घर में रखा लगभग गेहूं, धान सहित गृहस्थी का अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई,ग्रामीणों ने एकजुट होकर कड़ी मशक्कत की और घंटों प्रयास के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया, जिससे आग अन्य घरों तक फैलने से बच गई। इस दौरान ग्रामीणों ने घटना की सूचना राजस्व विभाग को देते हुए हल्का लेखपाल से मौके का निरीक्षण कराकर पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। फिलहाल आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।


