कमलेश
खमरिया-खीरी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ईसानगर एवं खमरिया क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, चिकित्सकों और पुलिस कर्मियों ने उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत पौधे रोपित कर लोगों को प्रकृति के संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के लिए भी प्रेरित किया गया।
वृक्षारोपण को लेकर ब्लॉक परिसर में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक विनोद शंकर अवस्थी, ब्लॉक प्रमुख आलोक कटियार ‘दीपू’ तथा खंड विकास अधिकारी धनप्राप्त यादव ने संयुक्त रूप से पौधरोपण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल भी करनी चाहिए। वृक्ष ही जीवन का आधार हैं और आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य देने के लिए हरियाली बढ़ाना समय की आवश्यकता है।
वहीं दूसरी ओर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खमरिया में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने अस्पताल परिसर में पौधे लगाए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण स्वस्थ जीवन की पहली शर्त है और वृक्षारोपण इसके लिए सबसे प्रभावी माध्यम है। इसके अलावा थाना खमरिया परिसर में थाना प्रभारी निर्मल तिवारी ने पुलिसकर्मियों के साथ पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा करने की अपील करते हुए कहा कि वृक्ष केवल ऑक्सीजन ही नहीं देते, बल्कि पृथ्वी के प्राकृतिक संतुलन को बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।



