कमलेश
लखीमपुर-खीरी। जनपद के पलिया क्षेत्र में टावरों से लगातार हो रही केबल चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पलिया थानाध्यक्ष ने एक युवक को चोरी के माल और अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अलग अलग गांवों में कंपनियों के दावों से जुड़ी केबल चोरी कर उन्हें बेचकर आर्थिक लाभ कमा रहा था।
पलिया थानाध्यक्ष पंकज त्रिपाठी ने बुधवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर अलग अलग गांवों में लगे टावरों से केबिल सहित अन्य सामान चोरी करने वाले भूरा पुत्र स्वर्गीय कमल महतो निवासी संजय की बगिया, थाना भीरा को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी की गई केबल, एक मोटरसाइकिल तथा एक अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस सहित एक ठेलिया बरामद हुई। इस दौरान जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से क्षेत्र के गांवों में केबल चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था,उसके पास बरामद हुए सामान के आधार पर चोरी के मुकदमे में अवैध शस्त्र रखने की धाराएं भी बढ़ा दी गई हैं। इस बाबत थानाध्यक्ष पंकज त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी पर विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय भेज दिया गया है,इस तरह की गतिविधियों से जुड़े लोगों की कड़ी निगरानी की जा रही है। साथ ही बताया कि अगर कोई ऐसे मामलों में संलिप्त पाया गया तो उस पर भी कठोर कार्यवाही निश्चित है। वही दूसरी ओर क्षेत्रवासी इस केबल चोरी की घटनाओं को अंजाम देने का कार्य कर रहे शातिर युवक पर हुई कार्रवाई को क्षेत्र में हो रही ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता मान रहे है।

