कमलेश
खमरिया खीरी। ईसानगर क्षेत्र में जंगली जानवरों के आतंक के बीच अब मगरमच्छ के हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रविवार दोपहर बाद एक 12 वर्षीय बालक को मगरमच्छ ने पानी के किनारे से दबोचकर अपने साथ गहरे पानी में खींच लिया,घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, थाना ईसानगर क्षेत्र के ग्राम भट्ठापुरवा मजरा बेल्तुआ निवासी लालमन पाल (12) पुत्र प्रताप रविवार दोपहर बाद गांव के बाहर स्थित दहौरा नाला के पास भैंस चराने गया था। इसी दौरान वह शौच के लिए पानी के किनारे पहुंचा, जहां पहले से मौजूद मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया और उसे दबोचकर पानी में लेकर गायब हो गया। घटना के समय उसके साथ मौजूद करीब पांच वर्षीय बालक ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। वही सूचना पाकर पुलिस और वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रत्यक्षदर्शी बालक से घटना की जानकारी ली और सोमवार सुबह पानी में सर्च अभियान चलाने की तैयारी शुरू कर दी। यही नही घटना से नाराज ग्रामीणों ने धौरहरा के वन क्षेत्राधिकारी को मौके पर बुलाकर जांच कराने और मगरमच्छ को पकड़ने की मांग की। इस दौरान ग्रामीणों और अधिकारियों के बीच काफी गहमागहमी भी हुई। फिलहाल कुछ भी हो सोमवार को दूसरे दिन सुबह समाचार लिखे जाने तक न तो वन क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे थे और न ही लापता बालक का कोई सुराग मिल सका था। जिसको लेकर पूरे क्षेत्र में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है।

