उत्तर प्रदेश के गोंडा में सड़क किनारे बांस की कोठी में अधेड़ का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक धानेपुर थाना क्षेत्र में छोटकईडीह गांव के पास सड़क किनारे स्थित बांस के झाड़ियों में 45 वर्षीय राजदीप सिंह का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राजदीप पिछले दो वर्षों से बेंगलुरु में मजदूरी कर परिवार का भरण - पोषण कर रहा था, जहां से वापस घर लौटने के दौरान वह घर नहीं पहुंचा, बल्कि उसका शव मिला।
बेंगलूर में लगी थी चोट
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक युवक का प्रदेश में एक्सीडेंट हो गया था, जहां इलाज के उपरांत एक साथी के साथ 21 जून को घर लौट रहा था। रास्ते में लखनऊ और बाराबंकी के बीच उनका अपने साथी से संपर्क टूट गया। तब साथी ने फोन करके के युवक के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि उसको वहां लोगों ने इधर उधर घूमते देखा था, वह लोगों के गाड़ियों को भी रुकवा रहा था। आज झाड़ियों में उसका शव मिला है।
हत्या की आशंका
राजदीप सिंह का शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए। मृतक की पत्नी और तीनों बेटियों का रो रो कर बुरा हाल रहा। मामले को लेकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। हालांकि पुलिस मामले में गंभीरता से जांच करने में जुटी हुई है।
बोले थानाध्यक्ष
धानेपुर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार यादव ने बताया कि पंचायत नामा के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रवाना कर दिया गया है, मृतक के शरीर पर पुराने चोट के निशान है, पीएम रिपोर्ट आने पर मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो जाएगा।



