पंश्याम त्रिपाठी / विंध्यप्रकाश त्रिपाठी
नवाबगंज, गोंडा। भारतीय जनता पार्टी द्वारा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार देर शाम टिकरी ग्राम सभा में ग्राम चौपाल एवं रात्रि प्रवास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मनकापुर विधायक रमापति शास्त्री, विशिष्ट अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री के प्रतिनिधि कमलेश पांडेय तथा अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी ने की।
![]() |
| अन्नप्रासन |
कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम प्रधान प्रतिनिधि संतोष सिंह द्वारा अतिथियों का बुके एवं माल्यार्पण कर स्वागत कर किया गया। चौपाल के दौरान सरकार की विभिन्न योजनाओं, विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी ग्रामीणों को दी गई।
इस दौरान कोल्हमपुर चौकी क्षेत्र में बाजार के निकट लगातार चल रहे चेकिंग अभियान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। विधायक प्रतिनिधि वेदप्रकाश दुबे ने क्षेत्राधिकारी तरबगंज डॉ. उमेश्वर प्रभात सिंह से शिकायत करते हुए कहा कि बाजार में सब्जी, दवा एवं दैनिक आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को बार-बार चेकिंग के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आम जनता को हो रही असुविधा पर नाराजगी जताते हुए व्यवस्था में सुधार की मांग की।
![]() |
| महिलाओं की गोदभराई |
इस पर क्षेत्राधिकारी डॉ. उमेश्वर प्रभात सिंह ने कहा कि चेकिंग अभियान अपराधियों एवं मनचलों पर प्रभावी कार्रवाई तथा आम जनता की सुरक्षा को ध्यान में रखकर चलाया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे ताकि बाजार आने वाले आम लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो। साथ ही लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील भी की।
चौपाल में अपर जिला कृषि अधिकारी महेश गुप्ता ने किसानों को उन्नत बीज, खाद एवं फसलों की बुआई संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी ने किसानों के हित में गांव स्तर पर कृषि शिविर आयोजित कर योजनाओं की जानकारी एवं गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने की मांग रखी, जिस पर कृषि विभाग ने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान दो महिलाओं की गोदभराई एवं दो बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी विधायक रमापति शास्त्री द्वारा संपन्न कराया गया। अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान, महिला एवं युवाओं के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री विष्णु प्रताप पांडेय, जनार्दन प्रसाद तिवारी, बाबूलाल शास्त्री, वेदप्रकाश दुबे, राहुल सिंह, राकेश सिंह, अभिषेक उर्फ अंकित सिंह, बाबी चौहान, अरुण सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।




