कमलेश
खमरिया-खीरी:राज्य सरकार के निर्देश पर गुरुवार को आयोजित राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल कार्यक्रम के तहत तहसील धौरहरा में स्थित चौधरी बेचेलाल महाविद्यालय रसूलपुर में अपर जिला अधिकारी की अगुवाई में व्यापक आपदा प्रबंधन का अभ्यास किया गया। मॉक ड्रिल के माध्यम से आगजनी और बाढ़ जैसी आपात स्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखा गया।
चौधरी बेचे लाल महाविद्यालय में गुरुवार को हुए मॉक ड्रिल कार्यक्रम में एसडीएम शशिकांत मणि,धौरहरा सीओ शमशेर बहादुर सिंह,तहसीलदार आदित्य विशाल सहित कोतवाली धौरहरा, थाना खमरिया एवं ईसानगर के प्रभारियों के साथ साथ पशु चिकित्सा अधिकारी, चिकित्सा अधिकारी, फायर ब्रिगेड की टीम, आपदा मित्र तथा अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। जिनके साथ स्थानीय नागरिकों और विद्यार्थियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
बहुमंजिला भवन पर आग लगने पर एक्शन में आई टीम
कार्यक्रम के प्रथम चरण में एक बहुमंजिला भवन में आग लगने की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने के साथ भवन में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रदर्शन किया। घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए बनाए गए चिकित्सा शिविर में पहुंचाया गया। इस दौरान राहत एवं बचाव कार्यों की गति और समन्वय को भी परखा गया। वही द्वितीय चरण में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का परिदृश्य तैयार किया गया। इसमें फंसे हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, राहत शिविर एवं फील्ड हॉस्पिटल स्थापित करने तथा प्रभावित लोगों को चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का अभ्यास किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और त्वरित कार्रवाई का प्रदर्शन भी किया गया। इस बाबत तहसीलदार आदित्य विशाल ने बताया कि इस तरह के अभ्यास का उद्देश्य आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली, संसाधनों की उपलब्धता और राहत-बचाव कार्यों की तत्परता का आकलन करना है, ताकि वास्तविक आपदा के समय जनहानि और नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।
मार्क ड्रिल के दौरान लोगों को किया गया जागरूक
मार्क ड्रिल कार्यक्रम के दौरान जिला ,तहसील प्रशासन,पुलिस,स्वास्थ्य विभाग, फायर सर्विस और आपदा प्रबंधन से जुड़े कर्मियों ने अपने-अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया व मॉक ड्रिल का समापन सफलतापूर्वक होने के दौरान उपस्थित लोगों को आपदा के समय सतर्क रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया।



