पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
नवाबगंज गोंडा । क्षेत्र के पटपरगंज स्थित हजरत लाल शहीद शाह का दो दिवसीय उर्स श्रद्धा और अकीदत के साथ संपन्न हुआ। उर्स में क्षेत्र सहित दूर-दराज से पहुंचे सैकड़ों अकीदतमंदों ने दरगाह पर हाजिरी देकर चादरपोशी की और अमन-चैन व खुशहाली की दुआ मांगी।
उर्स के पहले दिन फज्र की नमाज के बाद दरगाह पर गुलपोशी और फातिहा का आयोजन हुआ। रात में आयोजित तकरीरी कार्यक्रम में मशहूर आलिमे-दीन मुफ्ती मोहम्मद रजा मिस्बाही दर्शननगर अयोध्या ने लोगों को वलियों की तालीम पर अमल करने, सच बोलने और नमाज कायम रखने की नसीहत दी। वहीं शायर मोहम्मद इसरार फैजाबादी ने नात व मनकबत पेश कर महफिल को रूहानी रंग में रंग दिया।दूसरे दिन संदल कमेटी की अगुवाई में गांधी चौक स्थित जामा मस्जिद से गागर का जुलूस निकाला गया। जुलूस नगर के विभिन्न मार्गों से होकर देर शाम दरगाह पहुंचकर संपन्न हुआ। इस दौरान अकीदतमंदों ने दरगाह पर चादरपोशी कर अपनी मुरादों की दुआ मांगी।रात्रि आठ बजे आयोजित कव्वाली कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व सांसद के भतीजे सुदीप भूषण सिंह, प्रधान अशोकपुर पवन सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र सिंह, विधायक प्रत्याशी विजय पासवान तथा एसएमआई एजुकेशनल ग्रुप के संस्थापक डॉ.हाफिज अली ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।इस मौके पर सुदीप भूषण सिंह ने कहा कि दरगाहें आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का संदेश देती हैं। इसके बाद देश के प्रसिद्ध कव्वाल शरीफ परवाज कानपुर और कव्वाला मुस्कान डिस्को दिल्ली ने अपने मशहूर कलाम पेश कर समां बांध दिया। पूरी रात चली जवाबी कव्वाली में श्रोता झूमते रहे।बुधवार सुबह मोहम्मद मुस्तफा पर सलाम पेश किए जाने के साथ उर्स का समापन हुआ।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कस्बा प्रभारी पंकज यादव के नेतृत्व में पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा।इस अवसर पर आजाद रैनी, काशिफ अंसारी लल्लू, सरदार सतपाल सिंह सचदेवा, डॉ. इकबाल अहमद, संजीव यादव, सरदार जिंदर सिंह, मोईद रैनी, बाबू रैनी, सोना बुआ, लालजी गुप्ता, शिशिर कसौधन सोनू, शंभू बर्तन सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।



