पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
नवाबगंज गोंडा। क्षेत्र के नगवा गांव में सोमवार को पूर्व विधायक स्वर्गीय बाबूलाल कोरी की छठवीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा ग्रामीणों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान को स्मरण किया।
सभा को संबोधित करते हुए अभिषेक पंडित सिंह ने कहा कि स्व. बाबूलाल कोरी ने अपने विधायक कार्यकाल में क्षेत्र के विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। उन्होंने बिना किसी भेदभाव के समाज के सभी वर्गों की समस्याओं को सुना और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास किया। उन्होंने कहा कि छह बार विधायक रहे बाबूलाल कोरी का जनसेवा के प्रति समर्पण आज भी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों को क्षेत्र की जनता आज भी याद करती है।
वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्व. कोरी जनप्रिय नेता थे, जिन्होंने क्षेत्र के विकास और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके आदर्श और जनसेवा की भावना आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।
कार्यक्रम में पौत्र विशाल उर्फ सूरज, भगवती सिंह, दिनेश पांडेय, डॉ. अशोक सिंह, विनोद सिंह, सुदीप भूषण सिंह, प्रधान पवन सिंह, पूर्व प्रधान मोहम्मद अलीम सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।


