कमलेश
खमरिया-खीरी। सड़क किनारे अवैध रूप से खड़ी ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के कारण मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ट्रॉली से बचने के प्रयास में दो बाइकें आमने-सामने टकरा गईं, जिससे एक महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बा खमरिया में परसिया रोड पर आमानगर,थाना तंबौर (सीतापुर) निवासी सुमन अपने पति सुनील के साथ बाइक से पड़ोस में स्थित अल्लीपुर गांव में अपने मायके जा रही थीं। इसी दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से कब्जा कर खड़ी ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली के कारण सामने से आ रही बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में सुमन के साथ सामने की बाइक पर सवार शीलू वर्मा पुत्र विजय वर्मा निवासी परसिया,थाना खमरिया गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जिसकी सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी खमरिया भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस बाबत पुलिस ने बताया कि हादसे का कारण बने ईंटों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। वही प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क किनारे बिना किसी परमीशन के वर्षों पहले से अवैध रूप से खड़े किए जा रहे ईंटों से भरे ट्रैक्टर-ट्रालियां लोगों के लिए मुसीबत बनी हुई है,इनकी वजह से आये दिन हादसे हो रहे है, अगर जल्द ही ईंटों का व्यवसाय कर रहे इन ट्रैक्टर ट्रालियों पर कार्रवाई कर हटवाया नही गया तो इससे भी बड़े हादसे होना कोई बड़ी बात नही होगी।

