कमलेश
खमरिया-खीरी। ईसानगर विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय गंगान में तैनात शिक्षामित्र सर्वेश कुमार वर्मा का उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र के शिक्षकों और शिक्षामित्रों में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जाता है कि सर्वेश कुमार वर्मा लंबे समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और उनका इलाज चल रहा था। तमाम प्रयासों के बावजूद वह बीमारी से जिंदगी की जंग नहीं जीत सके। उनके असामयिक निधन से शिक्षा विभाग को अपूरणीय क्षति हुई है।
सर्वेश वर्मा अपने सरल स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही साथी शिक्षामित्रों, शिक्षकों तथा शुभचिंतकों ने गहरा दुःख व्यक्त किया। कई शिक्षकों ने इसे शिक्षा परिवार के लिए बड़ी क्षति बताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। वही ब्लॉक के शिक्षकों और शिक्षामित्रों ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सर्वेश वर्मा की कार्यशैली और मिलनसार व्यक्तित्व हमेशा याद किया जाएगा।

