कमलेश
खमरिया खीरी:अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को ईसानगर क्षेत्र में विद्यालयों, सरकारी संस्थानों, स्वास्थ्य केंद्रों और थानों में बड़े उत्साह के साथ योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और बच्चों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। इसी क्रम में खंड शिक्षा अधिकारी अखिलानंद राय के नेतृत्व में पीएम श्री विद्यालयों सहित क्षेत्र के अन्य परिषदीय विद्यालयों में योग दिवस धूमधाम से मनाया गया। जहां शिक्षकों ने बच्चों के साथ विभिन्न योगासन कराते हुए नियमित योग करने के लाभ बताए और निरोग रहने की सीख दी।
पीएम श्री विद्यालय दिलावलपुर में प्रधानाध्यापक रमेश चंद्र नागर ने विद्यार्थियों को योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया और बताया कि योग शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
वहीं, गोबिंद शुगर मिल ऐरा में प्रबंध निदेशक आलोक सक्सेना के मार्गदर्शन में अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। जहां प्रतिभागियों ने योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खमरिया में योग प्रशिक्षक विजय कुमार ने कर्मचारियों और उपस्थित लोगों को योग का प्रशिक्षण देते हुए 'करो योग, रहो निरोग' का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नियमित योग से कई बीमारियों से बचाव संभव है और शरीर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। इसी बीच थाना खमरिया में थाना प्रभारी निर्मल तिवारी तथा ईसानगर थाने में थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह ने पुलिस कर्मियों के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ रहने का संदेश दिया। इस दौरान थाना प्रभारी निर्मल तिवारी ने कहा कि व्यस्त दिनचर्या के बीच योग तनाव कम करने और कार्यक्षमता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है। वही पूरे क्षेत्र में योग दिवस को लेकर उत्साह का माहौल रहा और विभिन्न संस्थानों से एक ही संदेश दिया गया कि योग को जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ और निरोग समाज का निर्माण किया जा सकता है।



