अखिलेश्वर तिवारी
जनपद बलरामपुर के तहसील उतरौला क्षेत्र में स्थापित बजाज हिन्दुस्थान शुगर लिमिटेड में रविवार को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग सत्र आयोजित किया गया ।
21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पावन अवसर पर बजाज हिन्दुस्थान शुगर लिमिटेड में एक विशेष एवं प्रेरणादायी योग सत्र का सफल आयोजन किया गया । कार्यक्रम में शुगर एवं पावर प्लांट के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के मध्य योग के महत्व के प्रति जागरूकता का प्रसार करना तथा स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवनशैली को प्रोत्साहित करना था।
योग सत्र के दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों एवं फैक्ट्री कॉलोनी में निवासरत बच्चों को विभिन्न योगासनों एवं प्राणायामों का अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम में शिव ओम गुप्ता, पंकज एवं अंकिता ने प्रशिक्षक के रूप में योग सत्र का कुशल संचालन करते हुए प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। प्रशिक्षकों ने अपने संबोधन में बताया कि नियमित योगाभ्यास न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है, बल्कि मानसिक शांति, एकाग्रता, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक ऊर्जा का भी संवर्धन करता है। उनके प्रेरणादायी विचारों ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित किया ।इस अवसर पर इकाई प्रमुख समीर कुमार सावंत, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) प्रमोद कुमार त्रिपाठी, प्रबंधक (मानव संसाधन) बृजेश चंद्र मंडल, सहायक महाप्रबंधक (अकाउंट्स) विनोद कुमार सिंह, उप महाप्रबंधक (आईटी) श्रवण कुमार, सहायक महाप्रबंधक (सेल्स) श्रीमनी त्रिपाठी तथा प्रशासनिक अधिकारी वैभव सिंह सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने योग को अपने दैनिक जीवन में अपनाने तथा स्वस्थ एवं समृद्ध जीवनशैली के निर्माण हेतु संकल्प लिया। यह आयोजन स्वास्थ्य, अनुशासन एवं सामूहिक कल्याण के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण रहा।