कमलेश
खमरिया-खीरी। ईसानगर क्षेत्र के रायपुर गांव में तेंदुए के हमले में मासूम बालक की मौत के बाद वन विभाग पूरी तरह सक्रिय हो गया है। तेंदुए को पकड़ने और क्षेत्र में उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग ने विभिन्न स्थानों पर पिंजरे लगाने के साथ-साथ नाइट विजन कैमरे भी स्थापित किए हैं। यही नही वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है और ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए प्रचार वाहन के माध्यम से सतर्कता संदेश प्रसारित कर रही है। विभाग द्वारा लोगों से अपील की जा रही है कि शाम ढलने के बाद अकेले घर से बाहर न निकलें तथा खेतों और जंगल के आसपास जाने पर समूह में ही जाएं। इस बाबत वन अधिकारियों ने बताया कि तेंदुआ सहित अधिकांश जंगली जानवर सांझ के समय अधिक सक्रिय हो जाते हैं।
इसी कारण ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। बच्चों को अकेले बाहर न भेजने और पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर बांधने के निर्देश भी दिए गए हैं।
साथ ही विभाग के अनुसार, लगाए गए नाइट विजन कैमरों से तेंदुए की गतिविधियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। कैमरों और पिंजरों की निगरानी लगातार की जा रही है ताकि जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़कर क्षेत्रवासियों को राहत दी जा सके। फिलहाल कुछ भी हो
रायपुर की घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि वन विभाग लोगों को सतर्क रहने के साथ अफवाहों से बचने की सलाह दे रहा है। वन अधिकारी किसी भी जंगली जानवर के दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें और स्वयं उसे पकड़ने या भगाने का प्रयास न करने की बात कह रहे है।



